राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार ने पांगी की ग्राम पंचायत शौर को लिया गोद
शिमला, 12 सितंबर (हि.स.)। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत शौर को गोद लिया है। पंचायत के समग्र और संतुलित विकास के लिए खेल मैदान, जिम, पुस्तकालय, सामुदायिक भवन, सौर लाइट, श्मशान घाट और हेलीपैड जैसी सुविधाओं को मजबूत करने की योजना है। इस घोषणा के मौके पर शनिवार को आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि पंचायत को गोद लेने का उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचे का विकास करना नहीं है। स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और लंबे समय तक क्षेत्र के संतुलित विकास को आगे बढ़ाना भी इसका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पंचायत की जरूरतों और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
सांसद ने कहा कि पंचायत में खेल मैदान, जिम, पुस्तकालय और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ सौर लाइट, श्मशान घाट और हेलीपैड से जुड़ी जरूरतों पर भी काम किया जाएगा। क्षेत्र की कृषि परिस्थितियों को देखते हुए जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने और उनकी आय के अवसर बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की जरूरतों और अपेक्षाओं के अनुसार विकास योजनाएं आगे बढ़ाई जाएंगी। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में पांगी-भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज भी मौजूद रहे। उन्होंने पंचायत को गोद लेने की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने से ग्रामीणों को बेहतर जीवन स्तर मिल सकेगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
भाजपा के प्रदेश सचिव और पांगी क्षेत्र से संबंध रखने वाले तिलक राज शर्मा ने भी सांसद की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए, जिससे वे देश की मुख्यधारा से जुड़कर आगे बढ़ सकें। उन्होंने डॉ. सिकंदर कुमार का पंचायत को गोद लेने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सांसद ने राज्यसभा में जनजातीय क्षेत्र से जुड़े सड़क, बिजली और सुरंग जैसे कई मुद्दे प्रभावी ढंग से उठाए हैं।
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी भी मौजूद रहे। उन्होंने जनजातीय क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का स्वागत किया और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में सहयोग का भरोसा दिया।
ग्राम पंचायत शौर के प्रधान दयाराम शर्मा ने राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने पंचायत को गोद लिए जाने को क्षेत्रवासियों के लिए गौरव और विकास की नई उम्मीद बताया। उन्होंने कहा कि सांसद के मार्गदर्शन और सहयोग से पंचायत में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा