राजीव बिंदल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

 

नाहन, 24 फ़रवरी (हि.स.)।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस द्वारा किए गए भोंडे और अर्धनग्न प्रदर्शन की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि राष्ट्र की छवि को धूमिल करने का एक सुनियोजित षड्यंत्र है। उन्होंने कहा कि पूरा देश इस प्रकार की हरकत को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपनी राजनीति चमकाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। दुनिया के प्रमुख राजनयिकों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस प्रकार का प्रदर्शन कांग्रेस की राष्ट्रविरोधी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस और मुख्यमंत्री कार्यालय का नाम भी इस मामले में सामने आया है, क्योंकि जिन लोगों पर कार्रवाई हो रही है, वे हिमाचल सदन में ठहरे थे और वहां बुकिंग हुई थी। पुलिस की कार्रवाई के बाद यह प्रश्न उठता है कि इस प्रकरण में हिमाचल की भूमिका कहां तक जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी देशभक्ति और राष्ट्रनिष्ठा के लिए जाना जाता है और यदि हिमाचल सदन जैसी संस्था का उपयोग इस प्रकार के कृत्य के लिए हुआ है तो यह अत्यंत चिंताजनक और गंभीर विषय है। यह स्थिति घर का भेदी लंका ढाए जैसी प्रतीत होती है, जहां अपने ही लोग देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि जब देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं, तब कांग्रेस पार्टी हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को बदनाम करने का अवसर खोजती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर