प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन में भाजपा ने गिनाईं विकास योजनाएं, प्रदेश सरकार को घेरा
नाहन, 20 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा अनेक कार्यक्रम आयोजित करके केंद्र सरकार के कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का बीड़ा उठाए हुए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के दीप कमल में प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने की जबकि सांसद सुरेश कश्यप, विधायक पोंटा साहेब चौधरी सुखराम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और इस अवसर पर उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12वर्ष की उपलब्धियों बारे विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि मोदी सरकार के 12वर्षों का जब पूर्व में रही कांग्रेस नीत सरकारों से तुलना की जाए तो मोदी सरकार के 12 वर्ष अलग ही चित्र प्रस्तुत करते हैं। आज देश में डिजिटल युग की शुरुआत हुई है। सरकार जो भी पैसा योजनाओं के माध्यम से भेज रही है वो सीधा लाभार्थी तक पहुंच रहा है। किसान, गरीब, गृह हीन सभी को लाभांवित किया जा रहा है। सड़क निर्माण, फोर लेन, टनल्स, रेल मार्ग सभी को गति, गुणवत्ता से बनाया जा रहा है।
डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि पीएम मोदी का विशेष लगाव और स्नेह प्रदेश से रहा है और वो कई बार आउट ऑफ वे जाकर भी प्रदेश की मदद कर रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सुक्खू ने एक यूनिट बिजली की पैदा नहीं की और इतनी महंगी बिजली कर दी है कि आम आदमी परेशान है, जीरो बिल तो गायब हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चाहे किसाऊ बांध हो, या रेणुका बांध सब मोदी सरकार की देन है। प्रदेश की हिस्सेदारी इसमें नाम मात्र की है।प्रदेश सरकार अब जाने वाली है इसलिए फड़फड़ा रही है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर