नगर निकाय चुनावों में जनता कांग्रेस को देगी करारा जवाब : डॉ. राजीव बिंदल

 

नाहन, 02 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनावों के लिए नामांकन का अंतिम दिन है और भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की चार नगर निगम धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी सहित 22 नगर पालिकाओं और 25 नगर पंचायतों में भाजपा अपने उम्मीदवार उतार रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि चारों नगर निगमों में भाजपा चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी, जबकि अन्य स्थानों पर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार समर्थित उम्मीदवारों के माध्यम से चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से त्रस्त होकर इस बार भाजपा के पक्ष में निर्णायक मतदान करेगी।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में हर वर्ग युवा, महिला, किसान और आम नागरिक अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है और विकास कार्य पूरी तरह रुक गए हैं। यह प्रदेश के इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार साबित हुई है

डॉ. बिंदल ने विश्वास जताया कि आगामी नगर निकाय चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी और भाजपा को प्रचंड समर्थन मिलेगा। हिमाचल की जनता ने मन बना लिया है कि इस निकम्मी सरकार को हर स्तर पर सबक सिखाना है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर