कांग्रेस की झूठी गारंटियों का हिसाब मांग रही जनता, नगर निकाय चुनावों में मिलेगा जवाब : डॉ. बिंदल
नाहन, 11 मई (हि.स.)। नगर परिषद निकायों के लिए 17 मई को मतदान होना है और इन दिनों चुनाव प्रचार जोरों पर चला हुआ है। प्रदेश के सभी नगर निकायों में कांग्रेस और भाजपा अपने अपने समर्थित प्रत्याशियों के लिए जोर आजमाइश करने में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने नाहन में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेस में बताया कि जनता कांग्रेस की गारंटियों का हिसाब मांग रही है। जो वायदे कांग्रेस के नेताओं ने किए थे चाहे महिलाओं को 1500 हर मास देने का हो या रोजगार प्रदान करने का।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में नगर परिषद चुनावों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की झूठी गारंटियों, फरेब और धोखे को पूरी तरह समझ चुकी है और आने वाले नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों में इसका करारा जवाब देने जा रही है।
उन्होंने कहा कि 17 मई को नाहन नगर परिषद सहित प्रदेश की 23 नगर परिषदों, 25 ग्राम पंचायतों और चार नगर निगमों में होने वाले चुनावों में जनता कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना जनमत स्पष्ट रूप से व्यक्त करेगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस नेताओं ने घर-घर जाकर भारी-भरकम गारंटियां दी थीं। बेरोजगार युवाओं से फार्म भरवाए गए और पक्की नौकरी तथा पुरानी पेंशन के वादे किए गए, लेकिन 42 महीने बीत जाने के बाद भी किसी बेरोजगार को रोजगार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा अपने आप को ठगा हुआ और निराश महसूस कर रहा है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने नगरपालिकाओं और पंचायतों के विकास के लिए मिलने वाला धन भी अपने खजाने में मंगवा लिया, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें नगर निकायों को मजबूत करती हैं, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने नगरपालिकाओं और पंचायतों को आर्थिक रूप से कमजोर करने का काम किया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि स्वयं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कई मंचों से यह स्वीकार कर चुके हैं कि सरकार के पास विकास के लिए धन नहीं है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री खुद कह रहे हैं कि सरकार के पास पैसा नहीं है, तो फिर नगरपालिकाओं और शहरों का विकास कैसे होगा। जनता यह सच्चाई समझ चुकी है और अब कांग्रेस के किसी भी झूठे वादे या बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि जिसने साढ़े तीन वर्षों में केवल झूठी गारंटियां, महंगाई, आर्थिक बदहाली और विकासहीनता दी है, उसे नगर निकाय चुनावों में सबक सिखाया जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं और भाजपा की विकासवादी सोच को जनता तक पहुंचाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर