कांग्रेस सरकार ने कर्ज लेकर प्रदेश की आर्थिक स्थिति बिगाड़ी: बिंदल
नाहन, 20 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही सरकार ने पिछले 40–45 महीनों में करीब 45,000 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर प्रदेश की आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचाया है। उनका कहना है कि जनता ने 2022 में कांग्रेस को प्रदेश का भाग्य सुधारने के लिए चुना था, लेकिन सरकार लोगों को राहत देने के बजाय अपने राजनीतिक हित साधने में लगी रही।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अब जनता को परेशान कर सड़कों पर धरना-प्रदर्शन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता सरकार के कामकाज को ध्यान से देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने हिमाचल प्रदेश को रिकॉर्ड वित्तीय सहायता दी है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ग्रामीण सड़कों के लिए सबसे ज्यादा धन दिया गया। इसके अलावा फोर लेन हाईवे, नेशनल हाईवे, बड़े पुल, लंबी टनल और रेलवे विस्तार जैसी परियोजनाओं को भी अभूतपूर्व समर्थन मिला।
डॉ. बिंदल के मुताबिक, वर्ष 2015 से 2025 के बीच केंद्र सरकार ने हिमाचल को लगभग 89 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी, जबकि 2005 से 2015 के बीच यह राशि करीब 18 हजार करोड़ रुपये थी। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मदद मिलने के बावजूद प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ी है और महिलाएं भी परेशान हैं।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एचआरटीसी का किराया बढ़ाया गया है, बिजली दरों में वृद्धि हुई है और नए मीटरों से लोगों को भारी बिल मिल रहे हैं। इसके साथ ही सीमेंट और राशन के दाम बढ़े हैं तथा डीजल पर वैट बढ़ने से महंगाई और बढ़ गई है। उनका कहना है कि सरकार ने लगभग हर चीज पर सेस और टैक्स लगाकर आम लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास की रफ्तार धीमी कर दी है और जनता को कष्ट देने का काम किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल की जागरूक जनता आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को उसके कामों का जवाब जरूर देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर