सुक्खू सरकार का मुकाबला विपक्ष से नहीं, अपनी ही कांग्रेस से : राजेंद्र राणा
शिमला, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार का राजनीतिक मुकाबला अब विपक्ष से कम और अपनी ही कांग्रेस के भीतर अधिक दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान भी सामने आने लगी है।
राणा ने साेमवार काे एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री के रोहड़ू-रामपुर प्रवास के दौरान लगाए गए पोस्टरों में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को अपेक्षित स्थान नहीं दिए जाने को लेकर कांग्रेस से जुड़े लोग भी सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में गुटबाजी तलाशने से पहले मुख्यमंत्री को अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राणा ने कहा कि सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन मंत्रिमंडल का एक पद अभी भी रिक्त है। उन्होंने कहा कि कभी कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर तो कभी पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल के नाम की चर्चा होती रही, लेकिन विस्तार अब तक नहीं हुआ। राणा ने सवाल किया कि यदि कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के अनुसार मुख्यमंत्री की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार का प्रस्ताव ही नहीं आया, तो मुख्यमंत्री के लगातार दिए जा रहे बयानों का आधार क्या है।
राणा ने आरोप लगाया कि सरकार में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की अपेक्षा मुख्यमंत्री की ‘मित्र मंडली’ का प्रभाव अधिक दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस के भीतर असंतोष बढ़ रहा है।
प्रदेश की वित्तीय स्थिति पर चिंता जताते हुए राणा ने सरकार से कार्यकाल में लिए गए कर्ज, उसके उपयोग और ब्याज भुगतान का श्वेतपत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कर्मचारी, युवा, महिलाएं और बागवान अपने-अपने मुद्दों पर सरकार से जवाब मांग रहे हैं।
राणा ने मुख्यमंत्री से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, विधायकों और संगठन के बीच समन्वय की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला