नाहन की उपेक्षा पर भड़के डॉ. राजीव बिंदल, कांग्रेस सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
नाहन, 09 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में दीप प्रज्वलित कर अपनी वेबसाइट का शुभारंभ किया। इसके उपरांत आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर नाहन विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा करने के गंभीर आरोप लगाए।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए 40 महीने हो चुके हैं और नाहन से विधायक भी कांग्रेस के ही हैं, इसके बावजूद क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों के बजाय पहले से चल रहे संस्थानों को बंद किया जा रहा है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि नाहन के सीमांत क्षेत्र चूड़न में स्कूल बंद कर दिया गया है, जिससे बच्चों को या तो हरियाणा जाना पड़ रहा है या फिर हिमाचल में ही 7 किलोमीटर दूर स्थित स्कूल में पढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इसी प्रकार कई अन्य शिक्षण संस्थान भी ताला बंदी की भेंट चढ़ चुके हैं।
डॉ. बिंदल ने यह भी कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज का मामला भी अधर में लटका हुआ है, जिससे क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नाहन की जनता अब इस उपेक्षा को बर्दाश्त नहीं करेगी और आने वाले समय में लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं और केवल चल रहे संस्थानों को बंद करने का सिलसिला जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर