सिरमौर में बारिश से 27 सकें बंद, सरकारी संपत्ति को करीब 1 करोड़ 37 लाख 79 हजार रुपये का नुकसान
नाहन, 25 अगस्त (हि.स.)।
जिला सिरमौर में लगातार जारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। भारी बारिश के कारण जिले में 27 सड़कें अवरुद्ध या क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जबकि जल शक्ति विभाग की चार योजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से 25 अगस्त को दोपहर 3 बजे जारी दैनिक आपदा बुलेटिन के अनुसार बारिश से सरकारी संपत्ति को करीब 1 करोड़ 37 लाख 79 हजार रुपये और निजी संपत्ति को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है।
लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बारिश से संगड़ाह मंडल की 2, शिलाई की 17 और नाहन मंडल की 8 सड़कें प्रभावित हुई हैं। सड़कों को हुए नुकसान का अनुमान करीब 1 करोड़ 32 लाख 79 हजार रुपये लगाया गया है। सड़कों के बाधित होने से जिले के कई ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
वहीं, जल शक्ति विभाग की चार योजनाएं भी बारिश की चपेट में आई हैं। इनमें पांवटा साहिब डिवीजन-3 की जलापूर्ति योजना तथा पांवटा साहिब डिवीजन-1 की सिंचाई योजनाएं शामिल हैं। विभाग ने इन योजनाओं को करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया है।
बारिश के कारण शिलाई तहसील के डुडैच मौजा गुंदाह में एक पक्का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। इससे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। राहत की बात यह है कि जिले में बारिश से हुई इन घटनाओं में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में सबसे अधिक 43.2 मिलीमीटर ददाहू में दर्ज की गई। इसके अलावा शिलाई में 26, पांवटा साहिब में 22.6, नोहराधार में 18, राजगढ़ में 5, नाहन में 2 और संगड़ाह में 1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर