सिरमौर में बारिश से 50 सड़कें बंद, 85 पेयजल-सिंचाई योजनाएं प्रभावित, फसलों को भी क्षति
नाहन, 11 जुलाई (हि.स.)। जिला सिरमौर में बीते 24 घंटों में हुई भारी बारिश, और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में सड़कें, पेयजल योजनाएं, विद्युत आपूर्ति और कृषि क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचा है।
लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 50 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें नाहन मंडल में 21, शिलाई में 10, संगड़ाह में 10, सराहां में 6 और राजगढ़ में 3 सड़कें शामिल हैं। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।
विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। एचपीएसईबीएल के अनुसार जिले में 25 डीटीआर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें राजगढ़ में 19 और नाहन में 6 डीटीआर शामिल हैं। पांवटा क्षेत्र में कोई नुकसान नहीं हुआ है।
जल शक्ति विभाग की रिपोर्ट के अनुसार भारी बारिश के कारण जिले की 58 पेयजल और 6 सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। कुल 85 योजनाएं बाधित हैं। इनमें नाहन में 13,संगड़ाह में 24, राजगढ़ में 27 और शिलाई में 21 योजनाएं शामिल हैं। विभाग को अनुमानित 4 करोड़ 88 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कृषि विभाग सिरमौर की रिपोर्ट के अनुसार भारी बारिश और बाढ़ से आलू, अदरक और तिलहन की फसलें प्रभावित हुई हैं। फसलों को 2 लाख 19 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है।
आवासीय नुकसान में तहसील पच्छाद के गांव ऊना कनमाना में कांता देवी की गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई है। अनुमानित नुकसान 10 हजार रुपये है। इसी तरह तहसील शिलाई के गांव मानल डाकघर कांडो भटनोल निवासी सुनील का कच्चा मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। इसका आकलन 50 हजार रुपये किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 जुलाई को संगड़ाह में 40 एमएम, ददाहू में 27 एमएम, शिलाई में 25 एमएम, राजगढ़ में 22 एमएम और पांवटा में 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। नाहन में बारिश नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर