झारखंड में छात्रों पर कार्रवाई राहुल गांधी की सोच और कांग्रेस की युवा विरोधी मानसिकता का प्रमाण: अनुराग सिंह ठाकुर

 


हमीरपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई सरकारी कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, उससे राज्य सरकार की युवाओं के प्रति सोच सामने आती है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों, रोजगार और भविष्य से जुड़े सवाल पूछ रहा है। इन सवालों का जवाब देने के बजाय कांग्रेस की सरकारें युवाओं की आवाज दबाने का रास्ता अपना रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी छात्रों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने की है, लेकिन लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे छात्रों के सामने दमन का रास्ता अपनाया जा रहा है।

भाजपा नेता ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केंद्रीय गृह मंत्री से जवाब मांगते हैं, लेकिन खुद संसद में आने से बचते हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब संसद में देश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होती है, उस समय राहुल गांधी की गैरहाजिरी और संसद के बाहर दिए जाने वाले बयान उनकी गंभीरता पर सवाल खड़े करते हैं।

अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति अब मुद्दों के समाधान के बजाय सुर्खियों में बने रहने तक सीमित हो गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम पैदा करने के लिए झूठ और आधे-अधूरे तथ्यों का सहारा ले रही है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय, अवसर और सरकार के साथ संवाद चाहिए। उनके सवालों का जवाब बातचीत और लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश का युवा कांग्रेस की राजनीति और उसके कथित दोहरे मापदंडों को समझ चुका है।

उन्होंने कांग्रेस से कहा कि वह पहले अपने शासन वाले राज्यों में युवाओं और छात्रों के साथ हो रहे व्यवहार का जवाब दे और उसके बाद केंद्र सरकार से सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले छात्रों को दबाने की कोशिश क्यों की जा रही है, इस सवाल का जवाब कांग्रेस को देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा