हर्षोल्लास एवं गौरव के साथ मनाया गया 17 पंजाब रेजिमेंट का 64वां स्थापना दिवस

 


मंडी, 15 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश। 17वीं बटालियन, द पंजाब रेजिमेंट का 64वां स्थापना दिवस 14 नवंबर को हर्षोल्लास एवं गौरव के साथ मनाया गया। इस एक दिवसीय समारोह में हिमाचल प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों से रेजिमेंट के पूर्व सैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के मुख्य अतिथि हवलदार भगत राम ठाकुर रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन सभी सहयोगी पूर्व सैनिकों ने मिलकर किया।

उल्लेखनीय है कि 17 पंजाब रेजिमेंट का गठन भारत-चीन युद्ध के दौरान 15 नवंबर 1962 को मेरठ छावनी की भगत लाइंस में हुआ था। 18 मार्च 1969 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन ने बटालियन को Colours प्रदान किए थे। रेजिमेंट का गौरवशाली इतिहास वीरता, अनुशासन, त्याग और राष्ट्रसेवा की मिसाल रहा है।

समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों ने रेजिमेंट की गौरवशाली परंपराओं और इतिहास को याद करते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि हवलदार भगत राम ठाकुर को भारतीय सेना में 17 वर्ष तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में 23 वर्ष सहित कुल 40 वर्षों की राष्ट्रसेवा के लिए विशेष स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके लंबे सेवाकाल, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सभी पूर्व सैनिकों ने सराहना की। समारोह का उद्देश्य पूर्व सैनिकों के बीच आपसी भाईचारे, एकता एवं सौहार्द को मजबूत करना तथा रेजिमेंट की गौरवशाली परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा