सिरमौर में सड़क परियोजनाओं पर 244 करोड़ की राशी की जा रही व्यय : विक्रमादित्य सिंह

 


नाहन, 05 अगस्त (हि.स.)।

जिला सिरमौर में चालू वित वर्ष के दौरान सड़कों तथा पुलों के निर्माण पर 47 करोड़ की राशी व्यय की जा रही है। इसके अतिरिक्त (पीडीएनए-2025) आपदा के पश्चात सड़कों की मरम्मत के लिए भी 47 करोड़ की अतिरिक्त राशी स्वीकृत की गई है। यह जानकारी बुधवार को लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राजगढ़ उप मंडल के अंतर्गत झिमीधार में आयोजित हुए शनोल मेले के सम्मापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए दी।

उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री सड़क योजना के चरण - IV, के अंतर्गत जिला सिरमौर में 85 करोड़ की लागत से 11 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत हुई है जिनमें पच्छाद विधान सभा क्षेत्र में 12 करोड़ की दो सड़कें शामिल है, जिनकी निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा शीघ्र ही इन सड़कों का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में नाबार्ड द्वारा गिरी नदी पर चबयोगा के पास 14 करोड़ की राशी से पुल का निर्माण कार्य भी शीघ्र आरंभ कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के रख रखाव आपदा के पश्चात (पीडीएनए-2025) क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए 21 करोड़ की राशी स्वीकृत हुई है

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना चरण - III, के अंतर्गत धरयार-नारग-मरयोग सड़क पर 30 करोड़ की राशी व्यय की जा रही है जिसका कार्य अंतिम चरण में है तथा जिसे माह सितंबर, 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि नेरीपुल से सनौरा तक 36 किलोमीटर सड़क के डबल लेन बनाने, चौड़ा तथा पक्का करने के लिए 203 करोड़ की राशी स्वीकृत की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर