लोनिवि ने गलत जगह लगाया सूचना पट्ट हटाकर लगाया सही जगह
मंडी, 25 अगस्त (हि.स.)। करोड़ों की लागत से चौड़ा व पक्का किया गया मंडी के हनवाल कठलग मार्ग के प्रवेश द्वार पर लगाए गए हर प्रकार की जानकारी देने वाले सूचना पट्टों में से एक जो सड़क के पक्के गोले के साथ सटकर ही गाड़ दिया था तथा राह चलते लोग उससे सिर टकरा जाने से घायल हो रहे थे के बारे में समाचार प्रकाशित होते ही लोक निर्माण विभाग तुरंत हरकत में आया और उसे तुरंत वहां से हटाकर सुरक्षित जगह पर लगा दिया गया। लोगों ने इसके लिए लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है तथा उम्मीद जताई है कि जनता की सुविधा को प्राथमिकता से रखा जाना चाहिए।
इस मार्ग पर जो सूचना पट्ट लगाए गए हैं वह गहराई तक नहीं गाड़े गए हैं । लोहे के लालच में उनके चोरी होने का डर है, ऐसे में उन्हें भी सही तरह से गाड़ने व नई बनी सड़क में ही नालियां न होने के कारण बारिश से पड़ गए गढ्डे भी ठीक करने का आग्रह लोगों ने किया है। इस मार्ग की लगभग सभी नालियां बंद पड़ी है जबकि यह मार्ग अभी अभी स्तरोन्नत हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा