प्राथमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित अध्यापकों की तैनाती सुनिश्चित करे शिक्षा विभाग: लेख राज ठाकुर
मंडी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। प्राथमिक शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों एवं नई परिसर प्रणाली को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ ने अपनी नाराजगी का इजहार किया है। मंडी जिला के शिक्षा खंड कटौला के शिक्षकों ने प्रशिक्षण के दौरान काली पट्टियां बांधकर विरोध दर्ज करवाया। वहीं पर सरकार एवं शिक्षा विभाग से शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग उठाई।
प्राथमिक शिक्षक संघ खंड कटौला के अध्यक्ष लेख राज ठाकुर ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को सरकार एवं शिक्षा विभाग के समक्ष उठाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई परिसर प्रणाली से संबंधित अधिसूचना को लागू करने से पहले शिक्षक संगठनों के साथ उचित विचार-विमर्श किया जाना चाहिए। जिससे प्राथमिक शिक्षा के प्रशासनिक ढांचे, शिक्षकों की जिम्मेदारियों एवं अधिकारों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का आकलन किया जा सके।
उन्होंने शिक्षा खंड कटौला की एक महत्वपूर्ण समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि खंड के आठ प्राथमिक विद्यालयों में जेबीटी अध्यापकों के वर्कशॉप में भाग लेने के कारण उनके स्थान पर लैबोरेटरी असिस्टेंट को प्रतिनियुक्त किया गया है। जबकि लैबोरेटरी असिस्टेंट प्राथमिक स्तर पर बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित अध्यापक नहीं होते हैं। प्राथमिक कक्षाओं में अध्ययनरत बच्चों को उनकी आयु एवं शैक्षणिक स्तर के अनुरूप पढ़ाने के लिए विशेष प्रशिक्षण और शिक्षण कौशल की आवश्यकता होती है।
लेख राज ठाकुर ने कहा कि जब जेबीटी अध्यापक विभागीय प्रशिक्षण या वर्कशॉप में भाग लेते हैं, तो उनके स्थान पर किसी प्रशिक्षित अध्यापक की प्रतिनियुक्ति की जानी चाहिए, ताकि बच्चों की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रहे। केवल विद्यालय में किसी कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना भी उतना ही आवश्यक है।
उन्होंने सरकार एवं शिक्षा विभाग से मांग की कि प्राथमिक विद्यालयों में वैकल्पिक शिक्षण व्यवस्था करते समय प्रशिक्षित अध्यापकों की उपलब्धता को प्राथमिकता दी जाए तथा इस संबंध में उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा