कोटली कॉलेज को बचाने के लिए सड़कों पर उतरे लोग, सरकार को दिया तीन दिन का अल्टीमेटम

 


मंडी, 09 जून (हि.स.)। प्रदेश सरकार ने जिन सरकारी कॉलेजों को विद्यार्थियों की संख्या कम होने के चलते बंद करने के आदेश दिए हैं। उनमें एक मंडी जिले के सदर क्षेत्र में कोटली भी है जो दस साल पहले खोला गया था और जिसका भवन भी लगभग बन कर तैयार है। इस कॉलेज को बंद करने से इलाके के लोगों ने इसे बचाने के लिए आंदोलन पर उतरने का ऐलान कर दिया। इलाके के प्रख्यात समाजसेवी भास्कर ठाकुर की अगुवाई में कोटली में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कालेज में पढ़ने वाले विद्यार्थी, उनके अभिभावक, पूर्व सैनिक व उनसे जुड़े संगठन, व्यापार मंडल व अन्य संगठन शामिल रहे।

इस मौके पर एक रैली का आयोजन भी किया गया तथा स्थानीय एसडीएम के माध्यम से एक ज्ञापन भी सरकार को प्रेषित किया गया जिसमें सरकार को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। इसमें कहा गया है कि यदि तीन दिन में इस कालेज को बहाल करने के आदेश जारी नहीं हुए तो उग्र आंदोलन होगा। इसमें इलाके की जनता सड़कों पर भी उतर सकती है तथा सड़कें जाम भी कर सकती है। इसके अलावा और भी कई कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।

इस मौके पर वक्ताओं ने हैरानी जताई कि करोड़ों की लागत से इस कालेज का भवन भी तैयार हो रहा है मगर फिर भी इसे बंद करने का फरमान सरकार ने जारी कर दिया। दस साल पहले वीरभद्र सिंह की सरकार ने इस कालेज को लोगों की मांग पर खोला था मगर वर्तमान सरकार ने इसे बंद करने का आदेश देकर युवाओं के साथ बहुत बड़ा अन्याय व धोखा किया है। मांग की गई है कि इसे तुरंत प्रभाव से बहाल किया जाए। कड़कती धूूप में बड़ी तादाद में लोग इस प्रदर्शन में शामिल हुए। लोगों ने कॉलेज को लेकर चुने हुए जनप्रतिनिधियों व हाल ही में चुनावों के दौरान हर सुख दुख में साथ रहने की कसमें खाने वाले नेताओं की चुप्पी को लेकर रोष व हैरानी जताई तथा उन्हें इस कालेज को बंद करने के सरकारी निर्णय पर अपना रवैया जाहिर करने की चुनौती भी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा