झीड़ी में फोरलेन पर फलाईओवर के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, एनएचएआई व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

 


मंडी, 27 अगस्त (हि.स.)। मंडी मनाली फोरलेन पर मंडी कुल्लू जिलों की सीमा पर झीड़ी में प्रस्तावित फलाईओवर के विरोध में स्थानीय लोग लामबंद हो गए हैं। लोग सड़कों पर आ गए हैं तथा एनएचएआई व जिला प्रशासन मंडी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। गुरूवार को भी सैंकड़ों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया ।

लोगों का आरोप है कि यह एक साजिश है। कुछ साल पहले ही यहां से लोगों को फोरलेन के लिए उजाड़ा गया मगर तब राष्ट्ीय हित की इस परियोजना के लिए लोगों ने सहयोग दिया, अपनी जमीनें दी, अपने भवन दिए मगर अब पांच छह साल बाद लोग जैसे तैसे सामान्य हालात में आए, यहां पर रोजगार करने वाले कई लोग तो उजड़ कर चले गए मगर कुछ ने हिम्मत रख कर किसी तरह से फिर से अपने होटल ढावे होम स्टे आदि तैयार करके रोजगार शुरू किया, 2000 के लगभग नौजवान रीवर राफ्टिंग के जरिए स्वरोजगार करने लगे हैं मगर अब फिर से उन्हें उजाड़ा जा रहा है। पूरा इलाका इतने लंबे फ्लाईओवर से बर्बाद हो जाएगा, इससे ब्यास में बाढ़ का खतरा बढ़ेगा, बड़ी त्रास्दी हो सकती है। ऐसे में इसे किसी भी सूरत में यहां पर बनने नहीं दिया जाएगा।

स्थानीय दुष्यंत ठाकुर ने प्रदर्शन के मौके पर इसे गहरी साजिश करार देते हुए कहा कि जब दो अढाई करोड़ में यहां पर गोल चौक बना कर यातायात को नियंत्रित किया जा सकता है तो 30-35 करोड़ खर्च करके 1600 मीटर लंबा फ्लाईओवर क्यों बना रहे हैं।

लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध प्रदर्शन किया तथा एनएचएआई होश में आओ, जिला प्रशासन होश में आओ जैसे नारे लगाते हुए यह भी ऐलान कर दिया कि यह आंदोलन इसे रद्द नहीं कर दिया जाता। यदि उनकी नहीं सुनी गई तो आने वाले दिनों में यहां पर चक्का जाम भी किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा