प्रोफेसर धूमल का जन्मदिन भाजपा द्वारा उत्साहपूर्वक मनाया गया
हमीरपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा हिमाचल प्रदेश के दो बार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ स्तंभ प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल का 83 वा जन्मदिन बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत गांधी चौक हमीरपुर में सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। पार्टी द्वारा उन्हें सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। साथ ही इस अवसर पर आम जनमानस के बीच सेवा भाव के तहत जूस, हलवा और चना वितरित किया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने ग्रहण किया।
इसके उपरांत समीरपुर में एक भव्य वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो वर्ष 1980 से 1990 के बीच पार्टी की नींव मजबूत करने में सक्रिय रहे। यह वह कालखंड था जब पार्टी अपनी स्थापना से लेकर राम मंदिर जन्मभूमि आंदोलन तक निरंतर संघर्षरत रही। इस अवसर पर प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही पार्टी आज इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि पार्टी के शुरुआती दौर में इन कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए त्याग और समर्पण को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे ऐसे अवसरों पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मिलें, उनके अनुभवों को जानें और उन कार्यशैलियों को वर्तमान संगठनात्मक कार्यप्रणाली में अपनाएं।
जन्मदिन के अवसर पर कार्यक्रम के दौरान नव-निर्मित भाजपा जिला कार्यालय में स्थापित किए जा रहे अटल पुस्तकालय का शुभारंभ भी प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल द्वारा किया गया। इस पुस्तकालय का उद्देश्य कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवाओं को वैचारिक रूप से समृद्ध करना तथा संगठन के इतिहास, राष्ट्रवाद और प्रेरणादायक साहित्य से जोड़ना है।
इस अवसर पर प्रोफेसर धूमल ने स्वयं भी पुस्तकालय के लिए अनेक पुस्तकों का योगदान देकर इसे ज्ञान का सशक्त केंद्र बनाने की दिशा में प्रेरणादायक पहल की। उन्होंने कहा कि अटल पुस्तकालय कार्यकर्ताओं के लिए अध्ययन, चिंतन और संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और संगठन की वैचारिक धारा को और सुदृढ़ करेगा।
कार्यक्रम में जिले भर से अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें भाजपा के प्रथम जिला अध्यक्ष आनंद स्वरूप भारद्वाज, 90 के दशक के पूर्व जिला अध्यक्ष ठाकुर रघुवीर सिंह, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, कमलेश कुमारी एवं डॉ. अनिल धीमान, संघ विचारक प्रोफेसर आर. सी. शर्मा सहित अनेक गणमान्य एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा