हिमाचल में प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन जारी, शीतकालीन सत्र में धर्मशाला में प्रदर्शन करेंगे
शिमला, 12 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का अपनी मांगों को लेकर क्रमिक अनशन सोमवार को 79वें दिन भी जारी रहा। शिमला स्थित स्कूल शिक्षा निदेशालय में चल रहे अनशन में चंबा जिले के तीसा ब्लॉक के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। संघ ने प्रदेश सरकार से शिक्षकों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
क्रमिक अनशन में प्राथमिक शिक्षक संघ के तीसा ब्लॉक अध्यक्ष दुनी चंद शर्मा, महासचिव महाराज सिंह, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह जरयाल और सदस्य बसंत सिंह तथा सोवन सिंह शामिल हुए। संघ के अनुसार प्रदेश के शिक्षक एकजुट होकर आंदोलन में भाग ले रहे हैं। संगठन इस आंदोलन को महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के अनुरूप शांतिपूर्ण तरीके से चला रहा है।
संघ ने दो अक्टूबर से शिक्षकों के काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करने के कार्यक्रम की शुरुआत की थी। इस दिन शिमला में राज्य जिला और खंड स्तर के पदाधिकारियों के साथ महिला विंग की पदाधिकारियों ने काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य किया। संघ के अनुसार तीन अक्टूबर से पूरे प्रदेश में शिक्षक और मिड-डे मील (एमडीएम) वर्कर भी काले बिल्ले लगाकर काम कर रहे हैं।
संघ की आगे की रणनीति के तहत विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को शिक्षकों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ का कहना है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार तक शिक्षकों की मांगें पहुंचाई जाएंगी।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अनुसार, आंदोलन की शुरुआत पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से हुई थी। यह यात्रा 11 जुलाई को शिमला पहुंची थी। इसके बाद 26 जुलाई को शिमला के चौड़ा मैदान में विशाल धरना आयोजित किया गया। इस धरने के बाद संघ ने स्कूल शिक्षा निदेशालय में क्रमिक अनशन शुरू किया, जो 12 अक्टूबर को 79वें दिन भी जारी रहा।
संघ ने दोहराया है कि शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी होने तक आंदोलन शांतिपूर्ण, अनुशासित और एकजुट तरीके से जारी रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा