राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला दौरे की तैयारियां तेज, प्रशासन ने की व्यस्थाओं की समीक्षा
शिमला, 20 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 27 अप्रैल से 2 मई तक प्रस्तावित शिमला दौरा तय किया गया है। इस दौरान वह शिमला स्थित द रिट्रीट में ठहरेंगी। दौरे की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं और सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप ने सोमवार को आयोजित एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों और किसी भी तरह की कमी न रहे।
जिला दंडाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति 27 अप्रैल को शिमला पहुंचेंगी और अपने आधिकारिक प्रवास के दौरान दि रिट्रीट में ही ठहरेंगी। उन्होंने अधिकारियों को कल्याणी और अन्नाडेल दोनों हेलिपैड को लैंडिंग के लिए पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण विभाग को एयरपोर्ट से दि रिट्रीट तक जाने वाले मार्ग की मरम्मत और सुधार कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम शिमला को दि रिट्रीट और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया है, ताकि क्षेत्र साफ-सुथरा और व्यवस्थित रहे।
इसके अलावा एसजेपीएनएल को दि रिट्रीट में पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग को दि रिट्रीट और अन्य संभावित कार्यक्रम स्थलों का फायर ऑडिट करने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा भोजन के नमूनों की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा