राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हिमाचल दौरे की तैयारियां तेज़, प्रशासन ने किया सिस्सू हेलीपैड और अटल टनल का निरीक्षण

 


शिमला, 18 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से दो मई तक हिमाचल के प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान उनका शिमला के मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास मशोबरा में ठहरने का कार्यक्रम है। राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान कुल्लू और लाहौल–स्पीति ज़िलों का भी दौरा करेंगी। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर लाहौल स्पीति प्रशासन ने तैयारियां तेज़ कर दी हैं। इसी कड़ी में लाहौल–स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना ने शनिवार को सिस्सू हेलीपैड, अटल टनल रोहतांग के नार्थ और साउथ पोर्टल सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त सबसे पहले सिस्सू हेलीपैड पहुंचीं, जहां उन्होंने हेलीपैड की तकनीकी सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और परिवहन व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेलीपैड को पूरी तरह तैयार रखा जाए, आवश्यक चिह्नीकरण किया जाए और आपातकालीन लैंडिंग से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रहें। इसके साथ ही हेलीपैड परिसर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और मौसम के संभावित बदलाव को देखते हुए जरूरी सुरक्षा इंतजाम तुरंत लागू करने के भी निर्देश दिए गए।

इसके बाद उपायुक्त ने अटल टनल के नार्थ पोर्टल (सिस्सू) और साउथ पोर्टल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग सुविधाओं और आपातकालीन निकासी मार्गों की स्थिति का जायजा लिया। इस मौके पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रपति के दौरे के दौरान टनल के संचालन, वाहनों की आवाजाही पर संभावित प्रतिबंध, सुरक्षा प्रोटोकॉल और संचार व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है। वहीं उपमंडलाधिकारी केलांग कुणिका एकर्स ने स्थानीय प्रशासन की तैयारियों और जनसहयोग से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि राष्ट्रपति के दौरे के कार्यक्रम के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समय पर और बिना किसी कमी के पूरी की जाएं। प्रशासन का कहना है कि इस दौरे में सिस्सू और अटल टनल जैसे पर्यटन और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा शामिल है, इसलिए इसे लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

लाहौल घाटी के लिए राष्ट्रपति का यह प्रस्तावित दौरा एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट पर रखते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समन्वित तरीके से काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि राष्ट्रपति की यात्रा सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा