प्रेरक संवाद: विद्यार्थियों को दिया सफलता, अनुशासन और नशामुक्ति का संदेश

 


मंडी, 05 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिला के सुंदरनगर स्थित मंगलम पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्रेरक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को एसडीएम अमर नेगी के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे तथा प्रशासनिक सेवाओं, सामाजिक जिम्मेदारियों और जीवन में सफलता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए एसडीएम अमर नेगी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना, सकारात्मक सोच रखना तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना सफलता के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान ‘स्वच्छ हवा, नशामुक्त सुंदरनगर’ अभियान के अंतर्गत डॉ. धर्मेश शर्मा ने भी विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों तथा स्वच्छ हवा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा