कालाअंब में बिजली कटौती से उद्योग बेहाल, मशीनें ठप और उत्पादन प्रभावित, लघु उद्योग भारती ने मांगा समाधान

 


नाहन, 25 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लगातार हो रही बिजली कटौती उद्यमियों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। बार-बार बिजली गुल होने, अचानक सप्लाई ठप पड़ने और वोल्टेज फ्लक्चुएशन की समस्या के कारण फैक्ट्रियों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। यही नहीं मशीनरी खराब होने का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। इसे लेकर लघु उद्योग भारती सिरमौर इकाई ने कड़ी नाराजगी जताई है।

बिजली संबंधी समस्या से जूझ रहे कारोबारियों एवं उद्यमियों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी की अगुवाई में नाहन में अधीक्षण अभियंता सिरमौर से मिला। इस मौके पर लघु उद्योग भारती सिरमौर ने अधीक्षण अभियंता ई. वीरेंद्र भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा।

इस दौरान कारोबारियों ने कहा कि कालाअंब और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में पिछले काफी समय से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे उद्योगों का उत्पादन कार्य प्रभावित हो रहा है और कई इकाइयों में मशीनें बीच काम के दौरान बंद पड़ रही हैं, जिससे कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके साथ साथ अचानक बिजली गुल होने से मशीनरी में तकनीकी खराबियां आने का खतरा भी बना रहता है।

अखिल महेश्वरी ने कहा कि केवल उद्योग ही नहीं, बल्कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम उपभोक्ताओं को भी बिजली कटौती की मार झेलनी पड़ रही है। कई व्यापारिक संस्थानों में कामकाज प्रभावित हो रहा है, जबकि वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण विद्युत उपकरणों के खराब होने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। उद्योगपतियों ने कहा कि उत्पादन प्रभावित होने से समय पर ऑर्डर पूरे करने में भी दिक्कतें आ रही हैं। इसका सीधा सीधा नुकसान कारोबारियों का झेलना पड़ रहा है।

लघु उद्योग भारती सिरमौर इकाई ने विद्युत विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित और सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं। संस्था ने उम्मीद जताई कि बिजली बोर्ड इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान करेगा, ताकि औद्योगिक गतिविधियां बिना बाधा के संचालित हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर