जिला सिरमौर में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक मनाया जाएगा पोषण माह

 


नाहन, 10 सितंबर (हि.स.)।

जिला स्तरीय 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नाहन के सभागार में जिला कार्यक्रम अधिकारी, सिरमौर पवन गर्ग के तत्वाधान में किया गया। पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की थीम हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी है।इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन गर्ग ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी की भावना को धरातल पर उतारने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, विभागीय कर्मचारियों तथा समुदाय की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक बच्चे की ऊंचाई एवं वजन का सही एवं नियमित रूप से मापन किया जाए तथा बच्चे के विकास की निरंतर निगरानी रखी जाए। यदि किसी बच्चे की ऊंचाई, वजन अथवा विकास में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई जाती है तो ऐसे बच्चों की पहचान कर उन पर विशेष ध्यान दिया जाए।उन्होंने आहार में विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन के महत्व पर बल देते हुए कहा कि बच्चों तथा महिलाओं के भोजन में विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों को शामिल करना स्वस्थ वृद्धि एवं विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थाें को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए भी जागरुकता फैलाने का आहवान किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पक्का हुआ भोजन उपलब्ध करवाने के लिए कहा।

उन्होंने बाल्यावस्था में विकास के लिए प्रारंभिक पोषण को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जीवन के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण, देखभाल, खेल एवं सीखने के अवसर, बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास की मजबूत नीव तैयार करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर