विधवा एवं अनाथ सेस के नाम पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी जनता के साथ धोखा:अजय ठाकुर

 


मंडी, 14 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार अपनी आर्थिक नाकामियों और कुप्रबंधन को छिपाने के लिए संवेदनशील वर्गों के नाम से जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। अजय ठाकुर ने कहा कि किसी भी कल्याणकारी सरकार का दायित्व है कि वह विधवा महिलाओं और अनाथ बच्चों के कल्याण के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाए। लेकिन कांग्रेस सरकार कल्याणकारी योजनाओं के नाम पर जनता पर नए-नए कर थोपने का रास्ता अपना रही है। जनता से बिना पूछे ‘विधवा एवं अनाथ सेस’ के नाम पर नया आर्थिक बोझ डालना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने वैट कानून में संशोधन कर ईंधन पर पांच रूपए प्रति लीटर तक अतिरिक्त सेस वसूलने का प्रावधान किया है। सरकार भले ही वर्तमान में इसे 60-70 पैसे की बढ़ोतरी बताकर छोटा दिखाने का प्रयास करे, लेकिन कानून में पांच रूपए प्रति लीटर तक सेस लगाने का अधिकार हासिल करना भविष्य में जनता पर बड़े आर्थिक बोझ की आशंका को जन्म देता है।

अजय ठाकुर ने कहा कि पेट्रोल और डीजल महंगा होने का सीधा असर केवल वाहन चालकों पर नहीं पड़ता, बल्कि इसका प्रभाव पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में परिवहन लागत बढ़ने से फल, सब्जियां, दूध, राशन और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी होती है। ऐसे में सरकार का यह फैसला पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए अतिरिक्त परेशानी पैदा करेगा।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे करने वाली कांग्रेस अब अपनी वित्तीय बदहाली का बोझ आम जनता पर डाल रही है। 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 1500 रूपए प्रतिमाह जैसी गारंटियों का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार को अब यह बताना चाहिए कि उन वादों को पूरा करने के लिए जनता पर लगातार नए आर्थिक बोझ क्यों डाले जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा