सुक्खू सरकार की झूठी गारंटियों और टैक्स के बोझ से जनता त्रस्त : जयराम ठाकुर
मंडी, 22 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई। जबकि अब कांग्रेस सरकार के पास अपनी एक भी उपलब्धि बताने के लिए कुछ नहीं है । उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के पहले 300 यूनिट फ्री बिजली की गारंटी देने वाली कांग्रेस के मुखिया सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूर्व सरकार द्वारा दी जा रही मुफ्त बिजली छीन ली है। उन्होंने कहा कि यह सरकार जनता पर भारी-भरकम टैक्स का बोझ लादने के अलावा अपनी हर मोर्चे पर नाकामी को छिपाने में पूरी तरह असफल साबित हुई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं के पैसे का दुरुपयोग करके उसे राज्य सरकार अपनी फ्लैगशिप योजनाओं के झूठे प्रचार-प्रसार में पानी की तरह बहा रही है। उन्होंने पूछा कि आखिर क्यों वादे के मुताबिक 18 साल से अधिक आयु की महिलाओं को आज तक 1500 रुपए प्रतिमाह नहीं दिए जा रहे हैं । जबकि युवाओं को पांच लाख रोजगार देने की बड़ी गारंटी देने के बावजूद ये सरकार साढ़े तीन साल के लंबे कार्यकाल में पच्चीस हजार लोगों को भी रोजगार देने में नाकाम रही है। जिससे प्रदेश का युवा वर्ग ठगा सा महसूस कर रहा है। पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा गरीब जनता को दी गई 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा को भी इस सरकार ने छीन लिया है। यही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी पानी के भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, जिसके कारण गांवों में रहने वाले गरीब परिवारों का जीना दूभर हो गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि स्थानीय निकायों में अपनी तय हार को देखते हुए कांग्रेस ने बिना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए यह चुनाव लड़ा । अब मुख्यमंत्री अपनी खीझ मिटाने के लिए जीत के झूठे आंकड़े पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है, जिसके लिए भाजपा प्रदेश की जागरूक जनता का आभार व्यक्त करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा