अराजकता फैलाकर लोकतंत्र पर भीड़तंत्र को हावी करना चाहते हैं राहुल गांधी: जयराम ठाकुर

 




मंडी, 03 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर मंगलवार को सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी में आयोजित विकसित भारत युवा संवाद नो योर वोट कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देश में अराजकता फैलाकर सत्ता परिवर्तन करने वाली कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि अपने फेल लॉन्चिंग का शतक लगाने के करीब पहुंचे राहुल गांधी समझ गए हैं कि देश उन्हें नकार चुका है। इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं से वह चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। लेकिन गांधी परिवार में जन्म लेने के नाते वह प्रधानमंत्री बनना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं। इसी लिए अराजकता के दम पर देश में रिजीम चेंज करना चाहते हैं। अराजकता और भीड़ तंत्र के सहारे लोकतंत्र को हथियाना चाहते हैं। वह देश को बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल और सीरिया बनाना चाहते हैं। लेकिन वह भूल रहे हैं भारत मिटाने की विदेशी साजिश सदियों से हो रही है, कोई उसमें कामयाब नहीं हुआ है। आज दुनिया के सबसे सशक्त और प्रभावशाली नेता नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। आज देश का जेन-जी नरेंद्र मोदी के साथ है। इसलिए अराजकता से सत्ता हथियाने का ख्वाब उनका कभी पूरा नहीं हो पाएगा।

जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं का जोश, राष्ट्रभक्ति की भावना और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा देखकर सदैव आनंद की अनुभूति होती है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की जिम्मेदारी देश के युवा बखूबी निभा रहे हैं। विकसित भारत का लक्ष्य सशक्त, शांतिप्रिय, अराजकतामुक्त और आत्मनिर्भर भारत के जरिए ही हासिल हो सकता है। इसके लिए देश के युवाओं को आगे आना होगा। आज देश में कुछ लोग वोट चोरी के नाम पर एक वर्ग को बरगलाकर, अशांति फैलाकर तख्तापलट करना चाहते हैं। ऐसे में युवा संवाद में नो योर वोट जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के दुष्प्रचार को समाप्त कर लोगों को वास्तविकता से अवगत करवाने का प्रयास सराहनीय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा