54,928 करोड़ रुपए का घटता बजट, बढ़ते झूठ के दावे,कांग्रेस ने हिमाचल को दिया कन्फ्यूजन बजट : राकेश जमवाल
मंडी, 22 मार्च (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार का बजट 2026-27 विकास का दस्तावेज नहीं, बल्कि आंकड़ों की बाजीगरी, राजनीतिक प्रबंधन और सच्चाई को छुपाने का एक सुनियोजित प्रयास है। उन्होंने कहा कि जिस तरह इस बजट को प्रस्तुत किया गया है, वह जनता को राहत देने के बजाय भ्रमित करने वाला है। पूरे बजट में स्पष्टता का अभाव है, दिशा का अभाव है और सबसे बड़ी बात नीयत का अभाव साफ दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार खुद स्वीकार कर रही है कि इस वर्ष का कुल बजट 54,928 करोड़ है, जो पिछले वर्ष के 58,514 करोड़ से लगभग 3,500 रूपए करोड़ कम है। उन्होंने कहा, कि जब प्रदेश का बजट ही घट रहा है, तो सरकार विकास के दावे किस आधार पर कर रही है। यह साफ दर्शाता है कि सरकार के पास संसाधनों की कमी है और वह इस सच्चाई को छुपाने के लिए बड़े-बड़े ऐलानों का सहारा ले रही है।उन्होंने इसे घटते खजाने पर बढ़ते झूठ का बजट करार दिया।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने 300 से अधिक अधूरे पड़े कार्यों के लिए मात्र 500 करोड़ रूपए का प्रावधान कर अपनी प्राथमिकताओं को उजागर कर दिया है। सैकड़ों परियोजनाएं अधूरी हैं, जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, और सरकार केवल दिखावटी बजट आवंटन कर रही है। यह बजट नहीं, बल्कि अपनी विफलताओं को ढकने का एक कमजोर प्रयास है ।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के पास न तो इन परियोजनाओं को पूरा करने की समयसीमा है और न ही कोई स्पष्ट कार्ययोजना। उसी प्रकार कृषि, पशुपालन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के नाम पर किए गए ऐलानों को भी कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि एमएसपी बढ़ाने, डेयरी को बढ़ावा देने और किसानों के लिए नई योजनाओं की घोषणाएं सुनने में अच्छी लगती हैं, लेकिन इनका जमीन पर क्या असर होगा, इस पर सरकार पूरी तरह मौन है। किसानों को केवल घोषणाएं नहीं, गारंटी चाहिए। कांग्रेस सरकार ने पहले भी वादे किए, लेकिन किसानों को न समय पर भुगतान मिला और न ही स्थायी समाधान।
उन्होंने कहा कि गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए घोषित योजनाओं पर हमला कहा कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को 1500 रूपए देने जैसी घोषणाएं पूरी तरह से चुनावी प्रलोभन हैं। यह बजट घोषणाओं का पुलिंदा है, जिसमें जमीनी हकीकत का कोई स्थान नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा