स्थानीय निकाय चुनावों के बाद अब पंचायती राज चुनावों में भी होगा कांग्रेस का सफाया: जयराम ठाकुर

 


मंडी, 24 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से मिले और उनके साथ सुख- दुःख साझा किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में जनता ने भाजपा के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है और यही रुझान आने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता का भारतीय जनता पार्टी को पूरा आशीर्वाद और समर्थन प्राप्त है तथा जनता लोकतांत्रिक तरीके से इस जनविरोधी सरकार को करारा जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का झूठ अब पूरी तरह जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों ने साफ कर दिया है कि हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, झूठी गारंटियों और लगातार बढ़ते आर्थिक बोझ से बेहद नाराज़ है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को जनता ने स्पष्ट रूप से नकार दिया है और आने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी कांग्रेस का पूरी तरह सफाया होना तय है।

जयराम ने कहा कि कांग्रेस सरकार साढ़े तीन साल में विकास के नाम पर एक भी उपलब्धि नहीं गिना पाई है। 2000 से ज्यादा संस्थान बंद करना लाखों पदों को समाप्त करना हजारों लोगों को नौकरियों से निकालना ही इस सरकार की उपलब्धि है। प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं, कर्मचारी और पेंशनर परेशान हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसानों-बागवानों को राहत नहीं मिल रही और आम जनता पर लगातार टैक्स और सेस का बोझ डाला जा रहा है। चुनाव से पहले 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही भाजपा सरकार द्वारा दी जा रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली भी छीन ली। आज गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी बिजली बिल भरने पड़ रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर आचार संहिता उल्लंघन के आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावों के दौरान लगातार घोषणाएं और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। कैबिनेट बैठकों और सरकारी मंचों के माध्यम से चुनावी माहौल प्रभावित करने का प्रयास लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले का संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केंद्र सरकार से मिलने वाले फंड का सही उपयोग करने में भी पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश पर कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन विकास कार्य कहीं दिखाई नहीं दे रहे। सामाजिक सुरक्षा और समाज कल्याण योजनाओं के बजट में कटौती की गई है, जिससे गरीब और जरूरतमंद वर्ग प्रभावित हो रहा है। हिमाचल प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी का अंतर पूरी तरह समझ चुकी है।

सराज में चुनाव प्रचार के

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा