विधायक इंद्र सिंह गांधी के खिलाफ लामबंद हुई विश्वकर्मी विकास सभा
मंडी, 02 अप्रैल (हि.स.)। बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी के खिलाफ विश्वकर्मी विकास सभा ने मोर्चा खोल दिया है। सभा ने विधायक इंद्र सिंह के विधानसभा में दिए गए बत्तीस दांत और चालीस गोलियों वाले बयान को गैरजिम्मदाराना और हास्यास्पद करार देते हुए आने वाले विधानसभा चुनावों में विरोध करने का ऐलान किया है।
मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए हिमाचल विश्वकर्मी विकास सभा बल्ह के अध्यक्ष महंत राम भारद्वाज ने कहा कि इंद्र सिंह गांधी को भाजपा ने टिकट दिया तो विश्वकर्मी समाज ने उनका साथ देकर दो बार उन्हें विधानसभा में भेजा है। मगर वे अपने गैरजिम्मेदाराना व्यवहार के चलते बल्ह विधानसभा क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। यही नहीं अपनी जुमलेबाजी और गैर जिम्मेदाराना बयानबाजी की वजह से लोगों में हंसी और उपहास का पात्र बने हुए हैं। जिसके चलते लोग पूछ रहे हैं कि हमने विधायक को जुमलेबाजी और मजाक करने के लिए विधानसभा में भेजा है या उन्हें लोगों की समस्याओं को उठाना चाहिए।
महंत राम भारद्वाज ने कहा कि विधायक इंद्र सिंह गांधी ने विधानसभा में कहा कि उनके बत्तीस दांत हैं, और उनके पास चालीस गोलियां है। यह अपने आपमें हास्यास्पद बयान है, जिससे विश्वकर्मी समाज को शर्मिंदा होना पड़ा है, कि ऐसे व्यक्ति को विधायक बनाकर भेजा है। उन्होंने कहा कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कई तरह की समस्याएं हैं जिनका समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बल्ह क्षेत्र कृषि प्रधान इलाका हाेने की वजह से किसानों की समस्याओं का समाधान विधायक द्वारा नहीं किया जा रहा है। बल्ह में सुकेती खड्ड के तटीकरण का मुद्दा कई सालों से उठाया जा रहा है, किसानों को बेसहारा पशुओं की वजह से भारी नुक्सान उठाना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा