धर्मपुर की बदहाल सड़कें खोल रही हैं सुक्खू सरकार की पोल : जयराम ठाकुर

 


मंडी, 09 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर स्थानीय नेताओं एवं पदाधिकारियों से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने धर्मपुर की बदहाल सड़कों को लेकर सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति ने सुक्खू सरकार के विकास के दावों की पोल खोल दी है। क्षेत्र की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों के लिए पैदल चलना और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित वाहन चलाना भी मुश्किल हो गया है। बरसात के बाद स्थिति और गंभीर हुई है, लेकिन सरकार और प्रशासन की ओर से समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई गंभीर प्रयास दिखाई नहीं दे रहा है। धर्मपुर से कांग्रेस का विधायक है और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। इसके बावजूद क्षेत्र की जनता को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि सड़कों की मरम्मत और रखरखाव के लिए कितना बजट उपलब्ध करवाया गया और उसका धरातल पर कितना उपयोग हुआ। जनता के विकास के लिए आने वाला पैसा आखिर कहां खर्च हो रहा है? पूरे प्रदेश में सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं अत्यंत दयनीय स्थिति में हैं। आज प्रदेश के लोग भाजपा की सरकार को याद कर रहे हैं, क्योंकि सुक्खू सरकार लोगों को कुछ देने के बजाय उनसे सुविधाएं छीनने में लगी है। संस्थान बंद करना, लोगों को नौकरी से निकालना और जनसुविधाओं में कटौती करना ही सुक्खू सरकार का प्रमुख काम रह गया है।

धर्मपुर प्रवास के दौरान जयराम ठाकुर ने प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

जयराम ठाकुर ने भाजपा हिमाचल के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल के पिता के निधन के उपरांत आज उनके निवास पर पहुंचकर शोकाकुल परिवारजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा