एचआरटीसी हड़ताल पर बोले पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, अहम त्याग वार्ता को बुलाकर समाधान निकाले सरकार
मंडी, 24 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एचआरटीसी कर्मचारियों पर एस्मा लगाने का विरोध किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर हर जगह झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब एक कर्मचारी ने उनका झूठ पकड़ा, तो सरकार ने बदले की भावना से एस्मा लागू कर दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल कर्मचारी-हितैषी होने का ढोंग कर रही है, जबकि उसके कार्यकाल में हर वर्ग सड़क पर है। उन्होंने हड़ताल के मद्देनजर की जा रही अस्थायी भर्तियों को जनता के लिए बड़ा संकट बताया और एचआरटीसी कर्मचारियों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि सरकार को अहम त्याग कर कर्मचारियों को वार्ता के लिए अविलंब बुला लेना चाहिए ताकी जनता भी परेशान न हो और कर्मचारियों की मांगों का भी हल हो।
इससे पूर्व जयराम ठाकुर ने सुंदरनगर भाजपा संगठनात्मक जिला कार्यालय में आयोजित विकसित भारत प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के एक सफल एवं ऐतिहासिक कार्यकाल को समर्पित रहे हैं। उन्होंने बल देकर कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन और समर्पित नेतृत्व के नए आयाम स्थापित किए हैं, जहां सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ और सम्मान पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए असीम अवसरों का सृजन और आत्मनिर्भर भारत के दृढ़ संकल्प ने देश की विकास यात्रा को एक अभूतपूर्व और नई गति प्रदान की है। आज भारत विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना के निर्माण, आधुनिक कनेक्टिविटी, डिजिटल क्रांति और एक बेहद मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में वैश्विक पटल पर अपनी एक नई और विशिष्ट पहचान बना रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा