भाजपा एक ही दिन निकालेगी दो संसदीय क्षेत्रों में महापदयात्रा, 20 हजार से अधिक जुटेंगे कार्यकर्ता

 

मंडी, 03 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की पदयात्राओं का सिलसिला अब हमीरपुर और मंडी संसदीय क्षेत्रों में पहुंचने जा रहा है। मंगलवार 4 नवंबर को दोनों संसदीय क्षेत्रों में एक ही दिन महापदयात्राओं का आयोजन प्रस्तावित है। भाजपा संगठन के स्तर पर इन कार्यक्रमों की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

आयोजकों के अनुमान के अनुसार दोनों संसदीय क्षेत्रों को मिलाकर 20 हजार से अधिक कार्यकर्ता और समर्थक इन पदयात्राओं में भाग ले सकते हैं।

भाजपा की इन पदयात्राओं का प्रमुख विषय मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा उठाए जा रहे सवाल हैं।

भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस एसआईआर की प्रक्रिया को राजनीतिक विवाद का विषय बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध अभियान चला रही है। पार्टी का कहना है कि वह पदयात्राओं के माध्यम से मतदाता सूची की शुद्धता, पात्र मतदाताओं के अधिकारों और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर अपना पक्ष जनता के सामने रखेगी। इस अभियान के अंतर्गत 30 अक्टूबर को धर्मशाला और पहली नवंबर को शिमला में पदयात्राओं का आयोजन किया जा चुका है। अब हमीरपुर और मंडी में प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए पार्टी ने प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं।

हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की महापदयात्रा का नेतृत्व क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर करेंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के भाग लेने की तैयारी है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर तथा कांगड़ा जिले के संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है।

दूसरी ओर मंडी संसदीय क्षेत्र में आयोजित होने वाली महापदयात्रा का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर करेंगे। मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत सहित संसदीय क्षेत्र के भाजपा नेताओं और विधायकों को भी कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारियां हैं। हालांकि, सभी नेताओं की अंतिम उपस्थिति की आधिकारिक पुष्टि कार्यक्रम से पहले अपेक्षित है। मंडी संसदीय क्षेत्र के भाजपा विधायकों में भरमौर से डॉ. जनक राज, बंजार से सुरेंद्र शौरी, आनी से लोकेंद्र कुमार, करसोग से दीपराज कपूर, सुंदरनगर से राकेश जम्वाल, नाचन से विनोद कुमार, सराज से जयराम ठाकुर, द्रंग से पूर्ण चंद ठाकुर, जोगिंद्रनगर से प्रकाश राणा, मंडी सदर से अनिल शर्मा, बल्ह से इंद्र सिंह गांधी और सरकाघाट से दलीप ठाकुर शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा