मंडी में कांग्रेस ने गटर में गैस पाइप डालकर किया विराेध प्रदर्शन
मंडी, 05 अप्रैल (हि.स.)। मंडी लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गटर में गैस पाइप डालकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुरानी टिप्पणी का प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गटर गैस का प्रदर्शन एलपीजी सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ किया गया। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की उस टिप्पणी को याद दिलाया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर नाले से गैस निकालकर चाय बनाने की बात कही थी।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब सिलेंडर उपलब्ध नहीं हैं तो सरकार की सलाह के अनुसार ‘गटर गैस’ ही विकल्प है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों और अंतरराष्ट्रीय संकट के कारण एलपीजी की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे आम जनता की रसोई पर बोझ बढ़ गया है। इस अनोखे प्रदर्शन को कांग्रेस ने देशव्यापी एलपीजी संकट के खिलाफ चल रहे आंदोलन का हिस्सा बताया। कई अन्य राज्यों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाले से गैस निकालने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया है। इसी मौके पर कांग्रेस ने मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत पर भी निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि पिछले वर्षों में मंडी संसदीय क्षेत्र में बाढ़, भूस्खलन जैसी भारी आपदाएं आईं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी नुकसान हुआ। लेकिन सांसद कंगना रनौत ने संसद में क्षेत्र की इन समस्याओं और लोगों की पीड़ा को पर्याप्त रूप से नहीं उठाया।
कांग्रेस का आरोप है कि सांसद के रूप में कंगना अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहीं और आपदा प्रभावित क्षेत्रों की आवाज संसद तक नहीं पहुंचाई। युवा कांग्रेस और स्थानीय कांग्रेस इकाई ने एक साथ इस मुद्दे पर विरोध जताया।
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) और हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने मंडी में ‘किसान न्याय सत्याग्रह’ का शुभारंभ किया। यह विरोध प्रदर्शन इसी किसान न्याय सत्याग्रह का हिस्सा है। यह धरना अमेरिका के साथ हालिया अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ है, जिसे कांग्रेस ‘किसान विरोधी’ बता रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा