देश के युवाओं के बजाय अपने मुख्यमंत्री सुक्खू से पूछे राहुल गांधी : जयराम ठाकुर

 


मंडी, 16 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नीट परीक्षा को लेकर युवाओं के बीच अभियान शुरू करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर हमला बोला है। मंडी के जलशक्ति विभाग के विश्राम गृह में भाजपा की संगठनात्मक बैठक के बाद उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता है और वे केवल राजनीतिक लाभ के लिए युवाओं को गुमराह कर रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी ने राजस्थान से यह अभियान शुरू किया है। जहां पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय सबसे ज्यादा 22 पेपर लीक हुए, लेकिन तब उन्होंने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि हाल ही में पुलिस भर्ती के दौरान मास चीटिंग और सीसीटीवी कैमरे बंद कर सामूहिक नकल कराने की शिकायतें आईं, मगर सुक्खू सरकार मूकदर्शक बनी रही। भाजपा सरकार के समय जब ऐसा मामला मेरे समक्ष आया था, तो तुरंत मैंने जांच सीबीआई को सौंपी थी। डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी सीबीआई द्वारा दोषी आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करने के बावजूद सुक्खू सरकार ने उन पर कार्रवाई करने के बजाय जांच रिपोर्ट को दबाए रखा और दोषी पुलिस अधिकारियों को अहम पदों पर बैठाकर प्रमोशन तक दे दी।

उन्होंने राहुल गांधी को नसीहत दी कि वे अपने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस दोहरे चरित्र पर जवाब मांगें कि आखिर दोषियों को रिवॉर्ड क्यों दिया जा रहा है। क्यों युवाओं से धोखा कर दोषी पुलिस अधिकारियों को बचाया जा रहा है।

जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि नीट मामले में केंद्र की मोदी सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है और देश के युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा है कि वे उनके साथ अन्याय नहीं होने देंगे। वहीं, राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर ही अब उनके नेतृत्व पर से नेताओं का भरोसा उठ चुका है और जल्द ही उनकी कुर्सी जाने वाली है। इसके अतिरिक्त, शिमला में हुई एक स्कूल संचालिका की निर्मम हत्या के लिए जयराम ठाकुर ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार की संवेदनहीनता को जिम्मेदार ठहराया।

इससे पहले, जयराम ठाकुर ने भाजपा की संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया, जिसमें संगठन को और अधिक सशक्त व सक्रिय बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा की गई। इस दौरान नगर निगम मंडी के नवनिर्वाचित सभी भाजपा पार्षदों के साथ भी एक विशेष बैठक आयोजित हुई, जिसमें राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और संगठन की मजबूती पर बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा