हमसे जो छीना है वो लौटाएं मुख्यमंत्री, पिछली बार की तरह सिर्फ आश्वासन देकर न लौटें : जयराम ठाकुर

 


मंडी, 29 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि चार साल बाद मुख्यमंत्री को सराज की याद आई, अच्छी बात है। लेकिन उनसे निवेदन है कि पिछली बार की तरह इस बार भी सिर्फ आश्वासन देकर वापस न लौटें और उन्होंने हमसे जो भी छीना है, उसे वापस कर दें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और सराज भी इसी प्रदेश का हिस्सा है। इसलिए मुख्यमंत्री यहां आकर लोगों की समस्याओं को केवल सुनें ही नहीं, बल्कि उनके समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाएं।

जयराम ने कहा कि आपदा के दौरान मुख्यमंत्री यहां आए थे और उन्होंने कई घोषणाएं कीं, वादे किए, लेकिन वे आज तक धरातल पर नहीं उतरे। आपदा के कारण क्षेत्र की स्थिति बेहद खराब है। आज भी लगभग 15 सड़कें बंद पड़ी हैं। जिन सड़कों पर पहले गाड़ियां दौड़ती थीं, आज उन पर इंसानों और खच्चरों का चलना भी दूभर हो गया है। सड़कों के खराब होने की वजह से 15 बसों के रूट बंद हैं। जिन लोगों के घर आपदा में बह गए, वे आज भी राहत और पुनर्वास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। आपदा के नुकसान की भरपाई के लिए सरकार की ओर से अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं। केंद्र सरकार से 137 करोड़ रुपए की लागत वाली चैलचौक-जंजैहली सड़क स्वीकृत करवाने में सफलता मिली है और इसका काम टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से आगे बढ़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा की तबाही के अलावा कांग्रेस सरकार ने सराज में पहले से चल रहे विकास कार्यों को भी रोकने और संस्थानों को बंद करने का काम किया है। पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए सुप्रीम कोर्ट से फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिलने और करोड़ों रुपए का बजट उपलब्ध करवाने के बाद भवन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने काम रोक दिया और कॉलेज को दूसरे विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया। मुख्यमंत्री ने विधानसभा के भीतर और बाहर इसे सराज में ही स्थापित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। जंजैहली में एसडीएम और एसडीपीओ कार्यालय बंद कर दिए गए, बालीचौकी में सिविल अस्पताल बंद कर दिया गया, जबकि उसका भवन पहले से तैयार है। छतरी में सात करोड़ रुपये की लागत से डिग्री कॉलेज भवन का निर्माण कार्य और गाड़ागुशैणी में कॉलेज भवन का काम भी रोक दिया गया। जंजैहली में डीएफओ कार्यालय बंद कर दिया गया और बागाचनोगी के डिग्री कॉलेज को डिनोटिफाई कर दिया गया। यह सूची बहुत लंबी है, जो कांग्रेस सरकार की सराज के प्रति उपेक्षा को दर्शाती है।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री का सराज दौरे पर स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री यहां आएं, लोगों का दुख-दर्द सुनें और आपदा प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा