रविदासी समाज के नाम पर राजनीति बंद करें, समाज को गुमराह करने वाले पहले अपना इतिहास देखें : अमरू राम

 


मंडी, 18 जून (हि.स.)। मंडी जिला सुंदरनगर के खिलड़ा वार्ड से जिला परिषद सदस्य अमरू राम ने कांग्रेस नेता चमन राही द्वारा रविदासी समाज की उपेक्षा को लेकर दिए गए बयान को दुर्भाग्यपूर्ण, भ्रामक और समाज को बांटने का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं रविदासी समाज से आता हूं और आज जिस राजनीतिक पहचान तथा जनप्रतिनिधित्व के स्थान पर हूं, वह भारतीय जनता पार्टी की कार्यसंस्कृति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंत्योदय आधारित नीतियों, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के मार्गदर्शन तथा विधायक एवं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल के विश्वास का परिणाम है। प्रधान, बीडीसी और आज जिला परिषद सदस्य तक का मेरा सफर इस बात का प्रमाण है कि भाजपा समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने में विश्वास रखती है।

अमरू राम ने कहा कि यदि भाजपा और उसके नेतृत्व द्वारा रविदासी समाज की उपेक्षा की जाती, तो क्या एक साधारण परिवार से आने वाले रविदासी समाज के व्यक्ति को जिला परिषद का चुनाव लड़ाकर जनता के बीच नेतृत्व करने का अवसर दिया जाता। उन्होंने कहा कि चमन राही को यह भी नहीं भूलना चाहिए कि जनता ने उन्हें चुनाव में हराकर यह स्पष्ट संदेश दिया था कि समाज भावनात्मक और भ्रामक राजनीति को स्वीकार नहीं करता।

उन्होंने कहा कि रविदासी समाज को राजनीतिक मोहरा बनाने का प्रयास करने वाले कांग्रेस नेताओं को पहले अपने दल का इतिहास देखना चाहिए। जिस कांग्रेस पार्टी में आज चमन राही बैठे हैं, उसी पार्टी ने वर्षों तक भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को वह सम्मान देने में देरी की जिसकी वे वास्तविक रूप से पात्रता रखते थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके जीवन से जुड़े पंचतीर्थों का विकास किया। भाजपा सरकार ने हमेशा अनुसूचित जाति, दलित, रविदासी और वंचित वर्गों को सम्मान और अवसर देने का कार्य किया है। प्रदेश के साथ-साथ सुंदरनगर और मंडी क्षेत्र में भी भाजपा ने समाज के लोगों को संगठन और जनप्रतिनिधित्व में लगातार जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

अमरू राम ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को समाज में भ्रम और वैमनस्य फैलाने के बजाय अपने संगठन की स्थिति पर चिंतन करना चाहिए। रविदासी समाज जागरूक है और वह विकास, सम्मान, अवसर तथा जनकल्याण की राजनीति को समर्थन देता है, न कि जातीय भावनाओं को भड़काकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिशों को। अंत में उन्होंने कहा कि रविदासी समाज का सम्मान भाजपा के लिए केवल चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि उसकी विचारधारा और कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। आज रविदासी समाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों, जयराम ठाकुर के नेतृत्व और भाजपा की विकासवादी सोच के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा