25 वर्षों में मोदी ने बदली देश की दिशा और दशा, सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं : जय राम ठाकुर
मंडी, 06 सितंबर (हि.स.)। भाजपा जिला मंडी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की सेवा और समर्पण के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान की जिला स्तरीय कार्यशाला में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने भाग लिया। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की सेवा यात्रा केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पण की प्रेरणादायक गाथा है।
उन्होंने कहा कि इन 25 वर्षों में नरेंद्र मोदी ने देश के विकास को नई गति देने के साथ-साथ भारत के आत्मविश्वास और सामर्थ्य को भी नई पहचान दी है। आज दुनिया भारत को एक मजबूत, सक्षम और निर्णायक राष्ट्र के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को केंद्र में रखकर अनेक ऐतिहासिक योजनाएं और निर्णय लिए गए हैं। जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया सहित अनेक योजनाओं ने देश के करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि देश में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी और आधुनिक आधारभूत ढांचे का जिस तेजी से विस्तार हुआ है, वह नए भारत की बदलती तस्वीर को दर्शाता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान को हर बूथ, हर मंडल और हर विधानसभा क्षेत्र तक प्रभावी रूप से पहुंचाएं तथा इसे एक व्यापक जनअभियान का स्वरूप दें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो शिव गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा और ‘सेवा ज्योति यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा—मेरा योगदा’ के तहत रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता, वृक्षारोपण, वृद्धाश्रम एवं अनाथालयों में सेवा, शिक्षा सहयोग और नशा मुक्ति जैसे अनेक सेवा कार्य किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा