मंडी के नाचन मंडल में संगठनात्मक बैठक, डॉ. राजीव बिंदल ने संगठन विस्तार व मजबूती पर दिया जोर

 


मंडी, 28 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के नाचन मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित संगठनात्मक बैठक में भाग लिया। बैठक में संगठन के विभिन्न विषयों पर गहन मंथन किया गया तथा संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

इस अवसर पर नाचन के विधायक विनोद कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, सुंदरनगर प्रभारी तिलक शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, जिला सुंदरनगर के अध्यक्ष हिरा लाल, नाचन मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए आपदा राहत हेतु 601 करोड़ रुपए की धनराशि जारी करने पर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आभार व्यक्त किया। डॉ. बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार आपदा की हर घड़ी में हिमाचल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही है।

डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि संगठन के प्रति आप सभी का समर्पण भाजपा को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने बैठक के सफल आयोजन और स्वागत-अभिनंदन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज भाजपा संगठनात्मक जिला सुंदरनगर में कार्यकर्ताओं के साथ यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना।

इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने कहा कि ‘मन की बात’ के 129वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 में भारत द्वारा हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ-साथ देश की समृद्ध भाषा, संस्कृति, कला और विरासत से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री का यह संवाद देशवासियों को आत्मगौरव और सकारात्मक ऊर्जा से भरने वाला रहा।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से सीधे संवाद का ऐसा मंच है, जो देश की आंतरिक भावनाओं, उपलब्धियों और संकल्पों को प्रभावी रूप से अभिव्यक्त करता है। यह कार्यक्रम समाज के हर वर्ग को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने का कार्य करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा