विकास और जनसुविधाओं में शून्य, कर्ज लेने में सबसे आगे है सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर
मंडी, 04 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार विकास और जनसुविधाओं के मामले में पूरी तरह विफल साबित हुई है, लेकिन कर्ज लेने के मामले में नए रिकॉर्ड बना रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने पांच वर्षों तक कर्ज के नाम पर शोर मचाकर प्रदेश की जनता को गुमराह करते रहे, लेकिन सत्ता में आते ही उसी कांग्रेस की सुक्खू सरकार ने कर्ज को अपना प्रमुख शासन मॉडल बना लिया है। आज प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगभग 1.20 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने वाला है और हर महीने की शुरुआत भारी-भरकम कर्ज लेकर की जा रही है। सुक्खू सरकार ने अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल के उतना कर्ज अकेले ले लिया है जितना कि अब तक की सरकारों ने नहीं लिया। अपना कार्यकाल पूरा करते-करते मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कर्ज लेने के सारे रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं के त्याग, तप, अनुशासन और अथक परिश्रम के बल पर ही भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत सुन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के म्याह माता मंदिर में आयोजित संगठनात्मक जिला सुन्दरनगर के अभ्यास वर्ग में भारतीय जनता पार्टी का गौरवशाली इतिहास एवं विकास विषय पर अपने विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना से लेकर आज 12 करोड़ से अधिक सदस्यों वाले विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में भाजपा की यात्रा समर्पित कार्यकर्ताओं की निष्ठा और राष्ट्रसेवा के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के राष्ट्रवादी चिंतन ने भाजपा की वैचारिक नींव को सशक्त बनाया है और यही विचारधारा संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का गौरवशाली इतिहास केवल चुनावी सफलताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय, सेवा, सुशासन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण का इतिहास है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा