हिमाचल में सिंगल ईंजन की सरकार, तभी नहीं हो रहा विकास:दुष्यंत कुमार गौतम

 


मंडी, 14 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह 12 वर्ष केवल एक सरकार के नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष हैं।

दुष्यंत कुमार गौतम मंडी प्रवास के दौरान 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रगति पथ यात्रा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मलोरी टनल के समीप प्रगति पथ यात्रा का शुभारंभ किया तथा केंद्र सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश में आधारभूत ढांचे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि किरतपुर-मनाली फोरलेन, आधुनिक सुरंगों और सड़क संपर्क परियोजनाओं ने हिमाचल प्रदेश के विकास को नई गति दी है। आज दिल्ली, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के बीच यात्रा का समय कम हुआ है, जिससे पर्यटन, व्यापार और आम लोगों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिना थके, बिना रुके देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व में अपना सम्मान बढ़ाया है और आज पूरा विश्व भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में सिंगल ईंजन की सरकार है, तभी प्रदेश का विकास नहीं हो रहा है। इसके विपरीत पड़ोसी राज्य उत्तराखंड भी हिमाचल जैसा, लेकिन वहां आपदा में तुरंत राहत मिलती है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला, मजदूर और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। मेडिकल कॉलेजों और मेडिकल सीटों में वृद्धि, आधुनिक एयरपोर्टों का निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, डिजिटल इंडिया, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।

दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि जहां एक ओर केंद्र सरकार विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए नगर निगम चुनावों में जनता ने कांग्रेस सरकार के प्रति अपनी नाराजगी स्पष्ट रूप से व्यक्त की है। प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और जनहित की राजनीति चाहती है तथा आने वाले समय में इसका प्रभाव और अधिक स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा