एचआरटीसी के 282 रूट बंद किए जाने पर भाजपा ने सुक्खू सरकार को घेरा

 


मंडी, 15 सितंबर (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जमवाल ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के 282 बस रूट बंद किए जाने को लेकर मंगलवार को सुक्खू सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि इससे ग्रामीण तथा दूरदराज क्षेत्रों के लोगों की परिवहन सुविधा प्रभावित हुई है।

जमवाल ने कहा कि विधानसभा में सरकार की ओर से दिए गए जवाब के अनुसार एक अगस्त 2026 तक पिछले तीन वर्षों में एचआरटीसी के 282 बस रूट बंद किए गए, जबकि 15 अन्य रूटों की सेवाओं में कटौती की गई। उन्होंने कहा कि बंद किए गए रूटों में 196 ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों से संबंधित हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि विधानसभा में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार एचआरटीसी का संचित घाटा 2,272.24 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर प्रदेश की आर्थिक स्थिति में सुधार का दावा कर रही है, जबकि दूसरी ओर निगम का घाटा बढ़ रहा है और कर्ज लिया जा रहा है।

जमवाल ने कहा कि एचआरटीसी को केवल लाभ-हानि के आधार पर नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में यह लोगों के लिए परिवहन का प्रमुख साधन है। उन्होंने दावा किया कि खराब सड़कों, स्पेयर पार्ट्स की कमी और पर्याप्त मैकेनिक उपलब्ध नहीं होने के कारण भी बस सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि कम यात्रियों वाले रूटों को बंद करने के बजाय समय में बदलाव, बसों की संख्या का पुनर्गठन या छोटी बसें चलाने जैसे विकल्प अपनाए जाने चाहिए।

जमवाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बंद किए गए ग्रामीण रूटों की समीक्षा कर आवश्यक सेवाएं बहाल करने तथा एचआरटीसी को मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा