चुनाव के बीच मुख्यमंत्री के आदेश आचार संहिता का सीधा उल्लंघन : राकेश जमवाल

 


मंडी, 12 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री को पंचायती राज और शहरी निकायों के चुनाव के समय आई कर्मचारियों और बागवानों की याद

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार अब पूरी तरह बौखला चुकी है और चुनावी माहौल में जनता को भ्रमित करने के लिए झूठी घोषणाओं का सहारा ले रही है।

उन्होंने कहा कि अगर सरकार की नीयत वास्तव में कर्मचारियों, पेंशनरों और बागवानों के हित में होती तो पिछले ढाई वर्षों से लोगों को उनके हक के लिए दर-दर भटकना न पड़ता।

राकेश जमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री आज चतुर्थ श्रेणी पेंशनरों के एरियर, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और एमआईएस के भुगतान की बातें कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि कांग्रेस सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में कर्मचारियों, पेंशनरों और छोटे बागवानों को केवल ठगने का काम किया है। हजारों पेंशनर महीनों से चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने एरियर के लिए परेशान हैं और छोटे सेब उत्पादकों के भुगतान लटकाए गए। अब जब चुनाव सामने हैं तो सरकार को अचानक उनकी याद आ रही है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास पैसे थे तो अब तक भुगतान क्यों नहीं किया गया? क्या मुख्यमंत्री को कर्मचारियों और पेंशनरों की पीड़ा चुनाव घोषित होने के बाद ही दिखाई दी? यह स्पष्ट रूप से वोट हथियाने के लिए की जा रही राजनीतिक नौटंकी है। कांग्रेस सरकार की पूरी राजनीति केवल झूठ, भ्रामक घोषणाओं और लोगों को भ्रमित करने पर आधारित रह गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आचार संहिता के दौरान इस प्रकार की घोषणाएं करना सीधे तौर पर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास है और यह चुनाव आचार संहिता की भावना का खुला उल्लंघन है। भाजपा इस पूरे मामले को चुनाव आयोग के समक्ष भी उठाएगी ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रशासनिक बैठकों का उपयोग भी राजनीतिक लाभ लेने के लिए कर रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस की सच्चाई समझ चुकी है। प्रदेश की जनता जानती है कि यह सरकार केवल चुनाव के समय घोषणाएं करती है और बाद में अपने वादों से मुकर जाती है। आने वाले समय में जनता कांग्रेस को उसके झूठ, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों का करारा जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा