झूठ बोलकर चुनावों में अपनी हार की असफलता छिपा रहे मुख्यमंत्री सुक्खू : जयराम ठाकुर
मंडी, 08 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती के बीच चल रही जुबानी जंग को लेकर कहा कि प्रदेश सरकार के खोखले नशामुक्त अभियान की असलियत जनता के सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि अगर नीरज भारती इतने ही बड़े नशेड़ी थे, तो कांग्रेस ने उन्हें लंबे समय तक अपनी पार्टी का उपाध्यक्ष क्यों बनाकर रखा था।
जयराम ने कहा कि जो मुख्यमंत्री भाजपा पर गुटबाजी का झूठा आरोप लगाते हैं, वे खुद संगठन से लेकर सरकार तक केवल अपने चहेतों का एक विशिष्ट गुट चला रहे हैं। क्योंकि अब उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे कौल सिंह ठाकुर, चंद्र कुमार और उनके बेटे नीरज भारती खुलकर सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं। जो यह साबित करता है कि कांग्रेस के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जो बातें पहले केवल चौक-चौराहों और आम जनता के बीच चर्चा का विषय हुआ करती थी, उन्हें अब खुद कांग्रेस के नेता और विधायक सरेआम स्वीकार करने लगे हैं। हिमाचल प्रदेश की वर्तमान सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार के दलदल में डूब चुकी है।
मंडी जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा ने एक बड़ा सियासी उलटफेर करते हुए अपनी भारी ताकत का प्रदर्शन किया और मंडी जिला परिषद की कुल 36 सीटों में से मूल रूप से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 25 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन शपथ ग्रहण समारोह तक बीजेपी के बागी और असंतुष्ट सदस्यों के शामिल होने से यह संख्या बढ़कर 29 हो गई, जिसके बाद इन सभी 29 सदस्यों ने एक साथ जाकर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली और इससे पूर्व सभी ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया,
जयराम ठाकुर ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव के साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे, जिसके साथ ही उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि हिमाचल के राजनीतिक इतिहास में स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस पार्टी की ऐसी दुर्गति पहले कभी नहीं हुई, क्योंकि प्रदेशभर में करीब 75 प्रतिशत प्रधान और उप प्रधान भाजपा समर्थित जीते हैं और नगर निगमों के चार में से तीन स्थानों पर भाजपा ने शानदार विजय दर्ज की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा