सत्ता के अहंकार में अपनी हैसियत न भूलें कांग्रेस प्रवक्ता संजीव गुलेरिया : करण कौंडल
मंडी, 12 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला मंडी के महामंत्री करण कौंडल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर अनर्गल टिप्पणी करने से पहले कांग्रेस प्रवक्ता संजीव गुलेरिया को अपना राजनीतिक कद आंक लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रहमोकरम से मंडी जिला कृषि उपज एवं विपणन कमेटी के मनोनीत अध्यक्ष तो आप बन गए लेकिन लगता है सत्ता के अहंकार में आप अपनी हैसियत भी भूल चुके हैं।
करण कौंडल ने कहा कि जिस काम के लिए आपको आपके नेता ने जिम्मेवारी सौंपी है वहां काम करके दिखाएं न कि अपने कद से बाहर जाकर प्रदेश का नेतृत्व कर चुके और छह बार के विधायक भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर टिप्पणी करें।
उन्होंने कहा कि जनादेश से विधायक बनते हैं सीधे मुख्यमंत्री नहीं। जयराम ठाकुर विपक्ष के नेता हैं और सरकार के हर गलत फैसले का विरोध करना उनकी जिम्मेदारी है। उनकी किसी भी टिप्पणी से सुक्खू समर्थक असहज हो जाते हैं और मर्यादा भूल अनर्गल टिप्पणी करने लग जाते हैं।
उन्होंने कहा कि संजीव गुलेरिया अपने काम पर ध्यान दें और ऐसे ही अनाप शनाप बोलते रहे तो उनकी कुंडली भी खराब होते देरी नहीं लगेगी। कांग्रेस के ऐसे बड़बोलों को जवाब देने के लिए हम भाजपा के आम कार्यकर्ता ही काफी हैं। जिस प्रकार से सरकारी संसाधनों की लूट इन कांग्रेसियों ने मचा रखी है ये सब आने वाले समय में जांच का विषय है। भारतीय जनता पार्टी इनके हर कारनामों की पत्री खंगालेगी और जो भी गलत काम किए होंगे वो सबके सामने आएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा