अयोध्या राममंदिर दानपात्र से करोड़ों की चोरी के विरोध में काग्रेस का धरना-प्रदर्शन

 


मंडी, 14 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या के राम मंदिर में दानपात्र से कथित करोड़ों रुपए की चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने देशभर में विरोध प्रदर्शन तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में मंडी शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन और पदयात्रा निकालकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, कांग्रेस प्रभारी बंबर ठाकुर और जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने इस मुद्दे पर भाजपा पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में भजन-कीर्तन करते हुए पदयात्रा निकाली, जो सनातन धर्म सभा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से विरोध दर्ज कराया और केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

इस दौरान पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि राम मंदिर में हुई कथित चोरी कोई साधारण घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि सामने आया सीसीटीवी फुटेज केवल 14 दिनों का है। लेकिन इससे पहले क्या हुआ, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उनके अनुसार यह मामला करोड़ों रुपए की आस्था और करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास से जुड़ा है, इसलिए दोषियों को किसी भी कीमत पर माफ नहीं किया जाना चाहिए।

कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि राम मंदिर केवल किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था का प्रतीक है। मंदिर निर्माण में देश के हर गांव, हर मोहल्ले और हर वर्ग के लोगों ने अपना योगदान दिया। किसी ने चंदा दिया है। किसी ने पत्थर और किसी ने मिट्टी देकर इस अभियान को सफल बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हमेशा भगवान राम के नाम पर राजनीति की है।

वहीं, मंडी कांग्रेस के प्रभारी बंबर ठाकुर ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पूरे मामले की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

इधर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने भी केंद्र सरकार को घेरते हुए पेपर लीक जैसे मामलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश में लगातार ऐसे घटनाक्रम सामने आ रहे हैं, जिनसे आम जनता का भरोसा कमजोर हो रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धालुओं के विश्वास की रक्षा के लिए है। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा