भाजपा के मेयर-डिप्टी मेयर्स को शपथ न दिलाना व्यवस्था परिवर्तन का नमूना: अनिल शर्मा
मंडी, 10 जुलाई (हि.स.)। सदर के विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के चलते भाजपा के जीते हुए नगर निगमों में मेयर और डिप्टी मेयर को शपथ दिलाने की नोटिफिकेशन में देरी की जा रही है। जिसके चलते जीतने के बावजूद भी मेयर-डिप्टी मेयर अपना कार्यभार संभाल नहीं पा रहे हैं।
शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की माली हालत ठीक न होने की वजह से विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंडी में नगर निगम भाजपा का बहुमत है और पूर्व में भी भाजपा की ही नगर निगम रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व नगर निगम ने बहुत से विकास कार्य करवाए हैं, लेकिन बजट की कमी की वजह से कई देनदारियां अभी भी देनी है। हालांकि, नगर निगम अपने आपमें एक स्वायत संस्था है। लेकिन स्थानीय विधायक होने के नाते नगर निगम के लिए बजअ उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी भी उनकी है।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम से पहले ही अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा प्रबंधन का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मंडी पेयजल संवर्धन योजना उहल को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। जिसके लिए तीन वैकल्पिक स्रोत से जोड़ा गया है। इस बार बरसात के मौसम में मंडी शहर के लिए पानी की किल्लत नहीं होगी। उसी प्रकार मंडी शहर को विद्युत आपूर्ति के लिए तीन जगहों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि जागिंद्रनगर-बिजणी और पंडोह से पहले ही मंडी शहर के लिए बिजली की आपूर्ति की जा रही है। अब इसे धर्मपुर से भी जोड़ा जाएगा। जिससे मंडी शहर के लिए निर्वाध रूप से बिजली की आपूर्ति होती रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा