शिमला में मिले देहरादून के मानिसक रूप से कमजाेर व्यक्ति को पुलिस ने परिजनाें तक पहुंचाया
शिमला, 28 अप्रैल (हि.स.)। शिमला पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मानसिक रूप से कमजाेर अस्वस्थ में घूम रहे एक व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाने में मदद की। यह मामला छोटा शिमला क्षेत्र का है, जहां 26 अप्रैल की रात पुलिस थाना छोटा शिमला को सूचना मिली कि नेगी ढाबा के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति से बात करने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसकी पहचान कर ली और तत्परता से उसके परिवार का पता लगाया। इसके बाद पुलिस ने उसके भाई से संपर्क स्थापित किया और पूरी स्थिति की जानकारी दी। परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने उस व्यक्ति को सुरक्षित बस स्टैंड तक पहुंचाया और देहरादून जाने वाली बस में बैठा दिया। यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस ने बस के कंडक्टर को परिजनों का संपर्क नंबर दिया और बस तथा कंडक्टर की जानकारी भी परिवार के साथ साझा की, ताकि रास्ते में संपर्क बना रहे। अगली सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि वह व्यक्ति सुरक्षित देहरादून पहुंच गया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस आम लोगों की सुरक्षा और मदद के लिए इसी तरह संवेदनशीलता के साथ काम करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा