वाल्मीकि-सिख गेट विवाद में पुलिस ने कसा शिकंजा, एक दर्जन लोगों से पूछताछ
नाहन, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नाहन शहर में 23 अक्टूबर को वाल्मीकि समुदाय और सिख समुदाय के कुछ व्यक्तियों के बीच गेट लगाने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मंगलवार शाम को दोनों पक्षों से संबंधित 10 से 12 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना सदर नाहन बुलाया।
पुलिस अधीक्षक जिला सिरमौर, नाहन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस संबंध में पुलिस थाना सदर नाहन में 23 अक्टूबर, 2026 को अभियोग संख्या 208/2026 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190, 132 और 324(4) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान दोनों पक्षों के व्यक्तियों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के प्रावधानों के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर