मोगीनंद में ढाबे की आड़ में चल रहा था जाम का धंधा

 

नाहन, 11 मई (हि.स.)। थाना कालाआंब पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोगीनंद स्थित एक ढाबे पर छापेमारी कर अवैध देशी शराब की खेप बरामद करने में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार रविवार 10 मई को पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि मोगीनंद में विनोद कुमार (पुत्र लाल सिंह, निवासी गांव निमवाली सलानी) अपने ढाबे की आड़ में अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए स्थान पर दबिश दी।

पुलिस ने जब ढाबे की नियमानुसार तलाशी ली, तो वहां एक प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखी गई 8 बोतलें देशी शराब (मार्का माल्टा, 750 ML) बरामद हुईं। गौर करने वाली बात यह है कि इन बोतलों पर सेल इन हरियाणा लिखा हुआ था, जिससे यह साफ है कि शराब को दूसरे राज्य से लाकर यहां अवैध रूप से बेचा जा रहा था।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी ढाबा संचालक के खिलाफ थाना कालाआंब में आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)a के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह शराब कहां से लाता था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर